बस पुल से नीचे गिरी, 22 की मौत, 50 यात्री घायल

मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के पास हुआ हादसा
ड्रायवर को झपकी आने का कारण सामने आया

खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगौन में बड़ा हादसा हुआ है। दसंगा में पुल से एक बस नीचे गिर गई। बस में करीब 70 से ज्यादा यात्री सवार थे। जिसमें 50 से ज्यादा यात्री की घायल होने की खबर है। वहीं इस घटना में 22 लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है।
घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार मची हुई है। बस को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे में जख्मी लोग मदद की गुहार लगाते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि ये बस टेमला रोड होते हुए जा रही थी। वहीं, घटनास्थल पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई है। घटनास्थल पर मौजूद लोग खुद बस से लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि , गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार और दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था मध्य प्रदेश सरकार द्वारा की जाएगी
इस दुर्घटना में पीएम एम मोदी ने सहायता राशी देने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि खरगोन में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।
आगे उन्होंने राहत राशि का ऐलान करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के खरगोन में बस दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके आलावा घायलों को 50,000 रुपए देने का ऐलान किया गया है।