कोरबा में अब बाइक सवार युवक पर चली गोली, हालत गंभीर

कोरबा में अब बाइक सवार युवक पर चली गोली, हालत गंभीर
कोरबा। कोरबा जिले में एक बार फिर से गोली चलने की घटना से हड़कप मच गया है। अज्ञात आरोपियों ने बाइक सवार एक युवक पर फायरिंग कर दी है। वह गंभीर रूप से घायल है। यह घटना जिले के दूरस्थ क्षेत्र कोरबी की है। वहीं मौके पर पुलिस के आलाधिकारी भी पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कोरबी चौकी के बुढ़ापारा इलाके में देर रात 24 वर्षीय कृष्णा पांडे पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। युवक बाइक से कहीं जा रहा था तभी उसपर फायरिंग की गई। गोली युवक की पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत कटघोरा के जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर उसे दूसरे जगह रेफर कर दिया गया है।
घायल युवक को गोली किसने मारी वह देख नहीं पाया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वहीं एक दिन पहले कोरबा के एसएस प्लाजा स्थित अमृता ज्वैलर्स के संचालक गोपाल राय सोनी को भी घर में घुसकर नकाबपोश लुटेरों ने गोली मारी थी। आरोपी जेवरात तथा गाड़ी लूटकर फरार हो गए थे। व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।



