रायपुर नगर निगम अनारक्षित महिला, दुर्ग में ओबीसी महिला और बिलासपुर में अपिव का महापौर

रायपुर नगर निगम अनारक्षित महिला, दुर्ग में ओबीसी महिला और बिलासपुर में अपिव का महापौर
14 नगर निगम, 53 नगर पालिका और 125 नगर पंचायत के लिए आरक्षण
रायपुर। राजधानी के उपाध्याय ऑडिटोरियम में 14 नगर निगम, 53 नगर पालिका और 125 नगर पंचायत मिलाकर कुल 192 नगरीय निकाय के लिए लॉटरी पद्धति से हो रही आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारी पुलक भट्टाचार्य ने आरक्षण के प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भिलाई, भिलाई-चरोदा, बिलासपुर और दुर्ग आरक्षित किया गया है। वहीं रायपुर, जगदलपुर, चिरमिरी, बीरगांव सामान्य वर्ग के लिए खुला रखा गया है। सामान्य महिला के लिए रायपुर, कोरबा और बिरगाँव आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा रिसाली और रायगढ़ नगर निगम अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। अंबिकापुर नगर निगम अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया है।
प्रक्रिया के अनुसार नगर निगम रायपुर में सामान्य (महिला) के लिए आरक्षण हुआ। वहीँ नगर निगम बिरगांव में सामान्य (महिला), दुर्ग में ओबीसी (महिला), भिलाई में ओबीसी, रिसाली में एससी (महिला), चरोदा में ओबीसी, राजनांदगांव नगर निगम में सामान्य, धमतरी में सामान्य, जगदलपुर में सामान्य, नगर निगम रायगढ़ में एससी (महिला), कोरबा में सामान्य (महिला), बिलासपुर में ओबीसी, अंबिकापुर में एसटी और नगर निगम चिरमिरी सामान्य के लिए आरक्षण हुआ है।
बता दें कि दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 14 नगर निगम, 53 नगर पालिका और 125 नगर पंचायत मिलाकर कुल 192 नगरीय निकाय के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10.30 बजे आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भी आरक्षण प्रक्रिया है। पहले यह प्रक्रिया 27 दिसंबर को होने वाली थी, लेकिन तकनीकी अड़चनों की वजह से तारीख आगे बढ़ती गई।
चक्रानुक्रम प्रक्रिया को लेकर मचा बवाल
प्रदेश के विभिन्न निकायों के लिए होने वाले चुनाव के लिए महापौर पद के लिए आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होते ही हंगामा मच गया। आरक्षण प्रक्रिया के दौरान रायपुर नगर निगम में दो बार सामान्य के बाद चक्रानुक्रम प्रक्रिया को लेकर बवाल मच गया। भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने चक्रानुक्रम के लिए तय साल को लेकर सवाल उठाया। जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद में चल रही आरक्षण प्रक्रिया के दौरान रायपुर नगर निगम में दो बार सामान्य के बाद शुरू हुई चक्रानुक्रम प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस – दोनों ही दल के नेताओं में सवाल उठाए। भाजपा की मीनल चौबे और प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने तो कांग्रेस के प्रमोद दुबे ने भी आरक्षण को लेकर सवाल उठाए। पार्षद मृत्युंजय दुबे ने कहा कि एसटी और एससी के साथ अन्याय हो रहा है।