दीपों का यह उत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, चेतना और आशा का संचार करे : सीएम साय

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश, सत्य और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। दीपों का यह उत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा, नई चेतना और आशा का संचार करता है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली को स्वदेशी भावना के साथ, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए मनाएं और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनकर समाज में प्रेम और सौहार्द का संदेश फैलाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति हमारी श्रद्धा और आभार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें यह सिखाती है कि प्रकृति का संरक्षण ही समृद्धि का आधार है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दीपावली और गोवर्धन पूजा का यह पावन अवसर छत्तीसगढ़ राज्य में खुशहाली, समृद्धि और विकास की नई रोशनी लेकर आएगा तथा हर घर में आनंद, शांति और उजाला फैलाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर के अपने गृहग्राम बगिया में परिजनों के साथ दिवाली मनाएंगे। साथ ही स्थानीय लोगों से भेंट भी करेंगे। सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, यह पावन पर्व आपके जीवन को सुख, समृद्धि और सफलता के दिव्य प्रकाश से आलोकित करे। भगवान श्री गणेश से प्रार्थना है कि बुद्धि और विवेक का दीप सदा प्रज्वलित रहे और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद आपके घर-आंगन को धन-धान्य, सौभाग्य और आनंद से परिपूर्ण करे। आइए, इस दीपोत्सव पर हम सब मिलकर अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा, और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का संकल्प लें।



