प्रभु श्रीराम ने अपने कर्तव्यों का पालन कर परिवार व राज्य के लिए किया त्याग — कविता योगेश बाबर

धमतरी (प्रखर)ग्राम कुरमातराई में ग्राम विकास समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित त्रिदिवसीय भव्य रामकथा महोत्सव सह मानस गान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता योगेश बाबर शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती भारती चंद्रहास साहू ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता योगेश बाबर ने कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे आदर्श हैं, जिन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने अपने संपूर्ण जीवन में मर्यादा का पालन करते हुए माता-पिता, परिवार और राज्य के प्रति अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखा। इसी कारण वे आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रीमती बाबर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों को धर्म, संस्कृति और जीवन मूल्यों की जानकारी मिलती है तथा प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन तभी सार्थक होता है जब हम धर्म के बताए मार्ग पर चलकर पुण्य कर्म करें और अपने जीवन को भवसागर से पार लगाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद सदस्य श्रीमती भारती चंद्रहास साहू ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रत्येक व्यक्ति को भगवान के प्रति आस्था रखते हुए कुछ समय धर्म और भक्ति के लिए अवश्य निकालना चाहिए, इससे जीवन को सही दिशा और सफलता मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में सरपंच श्रीमती भुनेश्वरी साहू ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपसरपंच खिलेंद्र साहू, भीषम साहू, चंद्रहास साहू, सुदर्शन साहू, सियाराम साहू, बाबूराम साहू, शेषनारायण साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रोतागण उपस्थित रहे।



