छत्तीसगढ़

गरीबों के घर पर राजनीति नहीं—महापौर रामू रोहरा ने एएचपी कार्य शीघ्र शुरू कराने दिए आदेश

धमतरी(प्रखर) नगर पालिक निगम धमतरी अंतर्गत महिमा सागर वार्ड में एएचपी (अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप) योजना के अंतर्गत वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर वार्डवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त था। जनता की पीड़ा और नाराजगी को देखते हुए नगर निगम महापौर रामू रोहरा स्वयं मैदान में उतरे और स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वार्डवासियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए महापौर रामू रोहरा ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि एएचपी परियोजना से जुड़े अधूरे निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि गरीब और पात्र हितग्राहियों के हक के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
महापौर ने कहा कि एएचपी योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सपनों का घर है। इस योजना में हुई देरी के लिए जिम्मेदार तत्वों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि समय पर कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों पर कड़ी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
वार्डवासियों ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्यों के चलते सड़क, पानी, बिजली एवं नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों में असंतोष और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
महापौर रामू रोहरा ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम धमतरी की प्राथमिकता आम जनता है, न कि फाइलों में दबे काम। महिमा सागर वार्ड के विकास से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। एएचपी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा और नगर निगम द्वारा कार्यों की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा हो।
उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि जनता के अधिकारों के लिए नगर निगम हर स्तर पर संघर्ष करेगा और विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button