छत्तीसगढ़

जागरूक जनता के सहयोग से ही शत-प्रतिशत स्वच्छता का लक्ष्य होगा हासिल – महापौर रामू रोहरा


अधारी नवागांव वार्ड की निकासी समस्या पर महापौर हुए मुखर


पांच वर्षों में वार्ड को समस्या-मुक्त बनाना हमारा संकल्प – पार्षद तल्लीनपुरी गोस्वामी


धमतरी(प्रखर) नगर निगम क्षेत्र के अधारी नवागांव वार्ड में लंबे समय से चली आ रही निस्तारी एवं जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर महापौर रामू रोहरा मंगलवार सुबह अचानक वार्ड भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
वार्ड का शीतला मंदिर क्षेत्र पूर्व नगर निगम कार्यकाल में हुए अव्यवस्थित एवं अनुभवहीन निर्माण कार्यों के कारण वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा था। वर्तमान पार्षद तल्लीनपुरी गोस्वामी ने महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में वार्ड के रोड एवं नाली निर्माण का पांच वर्षीय खाका तैयार किया है, जिसे आम नागरिकों की सहमति के साथ अंतिम रूप दिया गया है।
महापौर रामू रोहरा ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की प्रमुख समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत कर चुके हैं। नगर निगम के पास फंड की कोई कमी नहीं है और सभी वार्डों के साथ समान न्याय किया जाएगा। विशेष रूप से रोड और नाली की समस्याओं को जड़ से समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता में जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि लोग नालियों को केवल पानी निकासी का माध्यम समझें और उसमें कचरा डालने से बचें, तो आधी समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी। इस पर वार्डवासियों ने सहमति जताते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति नालियों में कचरा डालता हुआ पाया जाएगा, उसकी फोटो खींचकर नगर निगम को भेजी जाएगी, ताकि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
शीतला मंदिर के समीप जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो रहा था, जिसे महापौर ने तत्काल प्रभाव से निराकृत कराया। इस कार्य में वार्ड के गोविंद साहू, शुभम सोनवानी और सुरेश कुर्रे का सराहनीय सहयोग रहा। वैकल्पिक व्यवस्था को एक सप्ताह के भीतर स्थायी रूप से बहाल करने का आश्वासन भी दिया गया।
नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें अपने पार्षद और महापौर के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और आने वाले पांच वर्षों में अधारी नवागांव वार्ड की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
इस दौरान जब कुछ नागरिकों ने महापौर से उनके व्यस्त कार्यक्रम को लेकर सवाल किया तो महापौर रामू रोहरा ने मुस्कराते हुए कहा कि जब जनता की सेवा ही जीवन का नशा बन जाए, तो न नींद की चिंता रहती है और न थकान की। ऐतिहासिक जनसमर्थन के बाद जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं।
वार्ड भ्रमण के दौरान तीरथ नवरंग, रामदेव साहू, जाफर खान, मुमताज अली, अनीता साहू, अर्जुन ध्रुव, दीपक कुमार, चिंटू बघेल, अविनाश साहू, नूर अली, दुलारी साहू, नारायण साहू, राधाबाई साहू, सत्यनारायण बंजारे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button