आमदी कॉलेज समारोह में भारी हंगामा, आमंत्रण पत्र से विधायक का नाम गायब

धमतरी(प्रखर) शासकीय नवीन महाविद्यालय आमदी में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उस समय भारी हंगामा हो गया, जब कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू का नाम शामिल नहीं होने पर विवाद खड़ा हो गया। इस बात से नाराज नगर पंचायत आमदी के कांग्रेसी पार्षदों एवं विधायक समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित समर्थकों ने कॉलेज के मुख्य गेट में ताला लगा दिया, जिससे कॉलेज परिसर के भीतर मौजूद छात्र-छात्राएं कुछ समय के लिए बाहर नहीं निकल सके। अचानक हुए घटनाक्रम से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आमदी नगर पंचायत विधायक ओंकार साहू का गृहग्राम है, ऐसे में शासकीय कॉलेज के महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में उनका नाम न होना अपमानजनक है। इसी मुद्दे को लेकर समर्थकों ने नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध दर्ज कराया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही अर्जुनी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कुछ देर बाद कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, हालांकि प्रदर्शनकारी परिसर में बैठे रहे।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत आमदी की अध्यक्ष ज्योति साहू ने की।
नगर पंचायत आमदी के नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जो आमंत्रण पत्र छपवाया गया, उसमें विधायक का नाम शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्राचार्य द्वारा जानकारी दी गई कि विधायक को समापन समारोह का अतिथि बनाया गया है, लेकिन इसके लिए केवल दो आमंत्रण पत्र ही छपवाए गए थे। ऋषभ ठाकुर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का पूरी तरह से राजनीतिकरण किया गया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।



