छत्तीसगढ़

संगठन सृजन अभियान को लेकर कांग्रेस का बड़ा कदम इंदिरा भवन नई दिल्ली में जिला कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर संपन्न, तारिणी चंद्राकर रहीं शामिल


नई दिल्ली(प्रखर) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत इंदिरा भवन, नई दिल्ली में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाना रहा। इस दौरान संगठन की संरचना, कार्यप्रणाली, जनसंपर्क, बूथ मैनेजमेंट, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, अनुशासन, समन्वय और चुनावी रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण गुर सिखाए। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बने और जनसमस्याओं को संगठनात्मक मजबूती के साथ शासन-प्रशासन तक पहुँचाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के लिए एक नई ऊर्जा और दिशा देने वाला अभियान है। बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, कांग्रेस उतनी ही मजबूती के साथ जनता की लड़ाई लड़ सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से मिले मार्गदर्शन को जिले में लागू कर संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में देशभर से आए जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और संगठनात्मक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। शिविर के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को पुनर्गठित कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस का यह संगठन सृजन अभियान आगामी समय में पार्टी को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत आधार प्रदान करेगा और आम जनता की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक सिद्ध होगा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button