छत्तीसगढ़

अछोटा आंगनबाड़ी केंद्रों में वजन तिहार का भव्य आयोजन, बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य पर विशेष फोकस


धमतरी(प्रखर) एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में अछोटा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 एवं 02 में वजन तिहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन बतौर अतिथि उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का नियमित रूप से वजन मापन कर उनके पोषण स्तर का मूल्यांकन किया गया। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए माताओं को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। माताओं को बताया गया कि घर पर उपलब्ध स्थानीय खाद्य पदार्थों से भी बच्चों को भरपूर पोषण दिया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य ही सशक्त समाज की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ तभी पूर्ण रूप से मिलेगा, जब माता-पिता और समाज की सहभागिता भी इसमें जुड़ी होगी।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर पर बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य की निगरानी कर समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास निश्चित रूप से कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, माताएं एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button