जिला अस्पताल धमतरी का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने दिए कड़े निर्देश

धमतर(प्रखर)जिला पंचायत सभापति (महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग) मोनिका देवांगन ने मंगलवार को जिला अस्पताल धमतरी का विस्तृत एवं औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में आमजनों को मिल रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम ओपीडी कक्ष का जायजा लिया, जहां मरीजों की संख्या, पंजीयन प्रक्रिया एवं चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली। इसके पश्चात इमरजेंसी कक्ष पहुंचकर आपातकालीन सेवाओं की तत्परता, उपकरणों की स्थिति तथा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा की।
सभापति देवांगन ने महिला एवं पुरुष वार्ड, प्रसूति कक्ष, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू), डायलिसिस यूनिट, दवा वितरण केंद्र तथा पैथोलॉजी व अन्य जांच सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यक उपकरणों की कार्यक्षमता, साफ-सफाई की व्यवस्था और बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन प्रणाली की विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, व्यवहार, भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। कई मरीजों ने चिकित्सकीय सेवाओं पर संतोष जताया, वहीं कुछ बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता भी सामने आई।
मोनिका देवांगन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छता, समयबद्ध उपचार, दवा उपलब्धता और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमित मॉनिटरिंग और सतत निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं मजबूत और पारदर्शी होना अत्यंत आवश्यक है।
अंत में उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, “जनसेवा ही हमारा संकल्प है — स्वस्थ धमतरी, सशक्त धमतरी।”



