छत्तीसगढ़

तीन साल की मासूम की कब्र से छेड़छाड़, सिर हुआ गायब, गांव में दहशत

तीन साल की मासूम की कब्र से छेड़छाड़, सिर हुआ गायब, गांव में दहशत

बालोद। गुंडरदेही थाना अंतर्गत हल्दी चौकी क्षेत्र के ग्राम माहुदबी में तंत्र विद्या के नाम पर तीन साल की मासूम बच्ची की दफन की गई कब्र से छेड़छाड़ की गई है, जिसमें खुदाई के दौरान शव का सिर गायब पाया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले ग्राम माहुदबी में तीन साल की मासूम प्रिया साहू बच्ची की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने गांव में ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दफन किया था। अज्ञात लोगों ने दफन किए गए स्थान पर पहुंचकर तंत्र विद्या की और कब्र खोदकर शव को निकालने की कोशिश की। सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दफन स्थल के पास तंत्र क्रिया से जुड़े सामान पड़े मिले। इसके बाद गांव में हडक़ंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी बुलाया गया।

आलाधिकारियों की मौजूदगी में मासूम की कब्र की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान बच्ची के शरीर के अन्य सभी हिस्से मौजूद पाए गए, लेकिन शव का सिर गायब था। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने तंत्र विद्या के लिए कब्र खोदकर मासूम का सिर निकाला है। पुलिस ने इस मामले में गुंडरदेही थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटना से पूरे गांव में डर का माहौल है। फिलहाल, पुलिस तंत्र विद्या और शव से छेड़छाड़ के एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागड़े ने मीडिया को बताया कि ग्रामीणों ने मासूम की कब्र के पास नींबू और पूजा सामग्री देखी, जिसके बाद मासूम के पिता ने थाने में सूचना दी। मामले में एसडीएम की मौजूदगी में शव को खोदा गया, तो शव के हाथ, पैर और धड़ मौजूद थे, लेकिन सिर का हिस्सा गायब पाया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने सिर खोदकर ले गया है। पूरे मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button