छत्तीसगढ़

ग्राम पंचायत गुजरा में शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन, श्रद्धालु हुए भावविभोर


कुरूद। ग्राम पंचायत गुजरा में समस्त ग्रामवासियों एवं सियाराम सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया।
कथा वाचक स्वामी नंदाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से शिव महापुराण की पावन कथा का रसपान कराया गया। कथा के दौरान भगवान शिव शंकर के चरित्र, भक्ति, वैराग्य और जीवन मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। भक्तगण कथा सुनकर भावविभोर हो उठे और पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में लेखराम साहू, पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग नई दिल्ली, गोविंद साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, अमरदीप साहू, द्विज राम साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में लेखराम साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत गुजरा में समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है, जिससे गांव का वातावरण सदैव धार्मिक और सकारात्मक बना रहता है। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा सुनने से जीवन में शांति का अनुभव होता है और व्यक्ति के विचार सकारात्मक बनते हैं। सकारात्मक सोच से समाज में सद्भाव और भाईचारा बढ़ता है।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि क्षेत्र को नशापान जैसी बुराइयों से दूर रखें और सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। साथ ही आयोजन के लिए ग्राम पंचायत एवं समिति के सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में भजन-कीर्तन एवं आरती के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button