अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेलखंड पर 8 बोगियों वाली ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल, तकनीकी समीक्षा के बाद जल्द शुरू हो सकता है नियमित संचालन

रायपुर(प्रखर) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा अभनपुर से कुरूद के बीच नवनिर्मित ब्रॉडगेज रेल लाइन पर आज 8 बोगियों वाली स्पेशल ट्रेन से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। यह ट्रायल कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी, दक्षिण पूर्व सर्कल, कोलकाता की उपस्थिति एवं निगरानी में संपन्न हुआ। ट्रायल के दौरान ट्रेन को निर्धारित गति से चलाकर ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम, पुल-पुलिया, लेवल क्रॉसिंग, मोड़ों की स्थिति, ट्रैक स्थिरता तथा अन्य तकनीकी मापदंडों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्पीड ट्रायल का मुख्य उद्देश्य इस रेलखंड की संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा मानकों की पुष्टि करना है, ताकि भविष्य में यात्री ट्रेनों का संचालन पूर्णतः सुरक्षित और सुचारू रूप से किया जा सके। ट्रायल रन के दौरान इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा संचालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न तकनीकी बिंदुओं का स्थल पर ही निरीक्षण किया गया।
ट्रायल पूर्ण होने के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैक की अंतिम स्वीकृति, अधिकतम गति सीमा, सुरक्षा प्रोटोकॉल, स्टेशन सुविधाओं, प्लेटफॉर्म व्यवस्था तथा नियमित यात्री सेवा शुरू करने से पूर्व की शेष प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद ही इस रेलखंड पर नियमित ट्रेन संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने क्षेत्र के आम नागरिकों से अपील की है कि ट्रायल और निरीक्षण की अवधि के दौरान रेलवे लाइन के समीप न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं होगा। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभनपुर–कुरूद रेलखंड पूर्व में नैरो गेज लाइन के रूप में संचालित होता था, जिसे अब ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया गया है। गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत लगभग 22 किलोमीटर लंबी नई बड़ी रेल लाइन बिछाई जा चुकी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से रायपुर–धमतरी रेल मार्ग के विकास को नई गति मिलेगी और कुरूद तक रेल संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक वर्ग में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। रेल सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, व्यापार एवं कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में यह रेलखंड क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


