स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर निगम की तैयारियां तेज, प्रभारी सदस्य निलेश लुनिया ने ली विस्तृत समीक्षा बैठक

धमतरी(प्रखर)आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से प्रभारी सदस्य निलेश लुनिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, आवश्यक सुधार एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, नियमित संधारण, मरम्मत कार्य और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। प्रभारी सदस्य ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय स्वच्छता सर्वेक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी नियमित सफाई, पानी की सतत उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन तथा सैनिटेशन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी निभा रही एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर सफाई हो और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए।
निलेश लुनिया ने कहा कि स्वच्छता केवल सर्वेक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य और शहर की छवि से जुड़ा विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख बाजार, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थल, पार्क, चौक-चौराहों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, डोर-टू-डोर कलेक्शन की निगरानी बढ़ाने तथा कचरे के पृथक्करण को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समय-समय पर फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी सदस्य ने नागरिकों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम का लक्ष्य है कि सामूहिक प्रयास, प्रभावी मॉनिटरिंग और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में धमतरी को उत्कृष्ट स्थान दिलाया जाए और शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जाए।



