छत्तीसगढ़

धमतरी को औद्योगिक पहचान दिलाने बड़ी पहल, महापौर ने मिल्क प्रोसेसिंग, ईवी बैटरी व सोलर उद्योग के लिए मुख्यमंत्री को भेजा प्रस्ताव


धमतरी(प्रखर) वर्षों से औद्योगिक नगर के रूप में पहचान बनाने की प्रतीक्षा कर रहे धमतरी के लिए अब नई उम्मीद जगी है। नगर के समग्र विकास के बाद अब महापौर ने धमतरी को औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करते हुए मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट, ईवी बैटरी निर्माण उद्योग तथा सोलर पैनल उद्योग की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विस्तृत प्रस्ताव प्रेषित किया है।
महापौर ने मुख्यमंत्री से तीनों महत्वपूर्ण उद्योगों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा है कि यह कदम धमतरी के आर्थिक भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने बताया कि धमतरी कृषि एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में समृद्ध जिला है, लेकिन यहां दुग्ध प्रसंस्करण की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों और दुग्ध उत्पादकों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा, साथ ही दुग्ध से जुड़े सहायक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
इसी प्रकार ईवी बैटरी निर्माण उद्योग की स्थापना से धमतरी आधुनिक तकनीक और औद्योगिक विकास की दिशा में अग्रसर होगा। वर्तमान समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह उद्योग भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे और उन्हें अपने ही नगर में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
सोलर पैनल उद्योग की स्थापना से हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा तथा ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
महापौर ने कहा कि धमतरी में उद्योगों की स्थापना से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि व्यापार, परिवहन, सेवा एवं अन्य सहायक क्षेत्रों में भी तेजी से विकास होगा। इससे नगर की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और धमतरी एक विकसित औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर धमतरीवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेंगे। महापौर ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य धमतरी को केवल आधारभूत विकास तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे रोजगार, उद्योग और आर्थिक समृद्धि का सशक्त केंद्र बनाना है। इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे ताकि आने वाले समय में धमतरी प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक नगरों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button