छत्तीसगढ़

बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर में भव्य ‘स्नेह सम्मेलन’ का आयोजन, मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं को दिया विकसित भारत का मंत्र


धमतरी। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक के निर्देशन में वार्षिक ‘स्नेह सम्मेलन’ अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और महापौर रामू जगदीश रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसकी मधुर प्रस्तुति दिशा सोनी और मुस्कान ने दी। इसके बाद कुंती साहू ने राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। दिशा सोनी एवं मुस्कान ने राजगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष महाविद्यालय में महिला छात्रावास की शुरुआत की गई, जिसका उद्घाटन महापौर रामू जगदीश रोहरा द्वारा किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी साझा की गई। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी।
महापौर रामू जगदीश रोहरा ने अपने संबोधन में धमतरी शहर के विकास कार्यों, स्वीकृत बजट, नालंदा परिषद हटकेश्वर वार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धमतरी में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए बजट प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है, जो शहर के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य अतिथि  मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में छत्तीसगढ़ी लोक कवि लक्ष्मण मस्तुरिया की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए धमतरी की प्रगति और सांस्कृतिक समृद्धि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज का युवा तकनीकी रूप से सशक्त है और नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लघु कथा के माध्यम से यह संदेश दिया कि मनुष्य के विचार ही उसकी दिशा और दशा तय करते हैं। सकारात्मक सोच और उच्च आदर्श ही व्यक्ति को महान बनाते हैं।
मंत्री के संबोधन के बाद मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा परिसर संगीत और उत्साह से गूंज उठा। विभिन्न राज्यों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक रहा, जिसने “अनेकता में एकता” का सजीव संदेश दिया। महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू, कौशल्या साहू, अंगिरा, अविनाश दुबे, हेमंत चंद्राकर, पवन गजपाल, सुभाष चंद्राकर, डेनिस, रीता बंजारे तथा धमतरी जिले के एसडीएम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम छात्र संघ प्रभारी दुर्गेश प्रसाद के निर्देशन में संपन्न हुआ। छात्र संघ समिति सदस्य आकांक्षा कश्यप, डॉ. डी.आर. टंडन, अमर सिंह साहू एवं डॉ. देवाशीष हजरा का सक्रिय सहयोग रहा। मंच संचालन डॉ. सरला द्विवेदी ने किया तथा आभार प्रदर्शन आकांक्षा कश्यप ने किया। समापन की घोषणा भी आकांक्षा कश्यप द्वारा की गई।
महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति ने वार्षिक स्नेह सम्मेलन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button