विष्णुदेव साय से फग्गन सिंह कुलस्ते ने की सौजन्य भेंट, अनुसूचित जनजाति वर्ग के मुद्दों पर हुई चर्चा

रायपुर(प्रखर)अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके रायपुर निवास में सौजन्य भेंट की। इस दौरान जनजातीय समाज के हितों से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
फग्गन सिंह कुलस्ते, जो लोकसभा सदस्य हैं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं और केंद्र सरकार में जनजाति, स्वास्थ्य, इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री का दायित्व भी निभा चुके हैं, ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनजातीय वर्ग के लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं, उसी प्रकार उस आदेश का पालन करते हुए पदोन्नति में भी आरक्षण की बहाली पर विचार किया जाना चाहिए। इससे अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर मिलेगा तथा रिक्त पदों पर प्रदेश के आदिवासी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकेंगे।
बैठक के दौरान सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि डी.एड. धारक आदिवासी समाज के युवाओं ने न्यायालय के आदेश के आधार पर अपनी नियुक्ति की मांग रखी है। इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें नियुक्ति प्रदान करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आर.एन. ध्रुव, सेवानिवृत्त आबकारी अधिकारी राकेश मंडावी, राहुल ध्रुव, आलोक वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।



