ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत
नई दिल्ली। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति भवन में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने-अपने देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल से एक-दूसरे का परिचय कराया।
20 अरब डॉलर तक द्विपक्षीय व्यापार पहुंचाने का लक्ष्य
भारत और ब्राजील ने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 15.21 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। इसमें 25त्न से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इसमें भारत का निर्यात 8.35 अरब डॉलर और ब्राजील से आयात 6.85 अरब डॉलर रहा। वहीं ब्राजील में भारतीय निवेश 15 अरब डॉलर से ज्यादा रहा।
कई अहम क्षेत्रों पर केंद्रित होगी बैठक
पीएम मोदी और राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा की मुलाकात दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। जिसमें महत्वपूर्ण खनिज, दुर्लभ खनिज, रक्षा, ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे क्षेत्रों पर खास केंद्रित है। पीएम मोदी के न्योते पर लूला दा सिल्वा भारत के दौरे पर पहुंचे हैं। वे 18-22 फरवरी तक भारत के राजकीय दौरे पर हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद वे 22 फरवरी को दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे। आज पीएम मोदी और ब्राजीली राष्ट्रपति के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ्स पर एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। यह समझौता दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का एक प्रमुख हिस्सा है, जो ग्लोबल सप्लाई चेन में चीन की निर्भरता कम करने, ग्रीन एनर्जी ट्रांजिशन को सपोर्ट करने और विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने पर केंद्रित है। ब्राजील दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रेयर अर्थ रिजर्व वाला देश है। जिसके पास लगभग 21 मिलियन मीट्रिक टन का विशाल भंडार है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात की
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को राजधानी में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की और नई दिल्ली और ब्रासीलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उनके मार्गदर्शन की सराहना की। शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी मुलाकातों से संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई। ‘भारत की राजकीय यात्रा पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात का सम्मान मिला। रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उनके स्नेहपूर्ण भाव और मार्गदर्शन के लिए मैं उनका आभारी हूं। मुझे विश्वास है कि आज बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकातों से हमारे संबंधों को नई गति मिलेगी।’



