गोबर खाद की आपूर्ति के लिए प्रस्तुत प्रमाणकों में फर्जी हस्ताक्षर मामले में विपक्ष का हंगामा

गोबर खाद की आपूर्ति के लिए प्रस्तुत प्रमाणकों में फर्जी हस्ताक्षर मामले में विपक्ष का हंगामा
प्रश्नकाल के दौरान सदन ने कांग्रेस विधायकों ने गोबर खाद की आपूर्ति के लिए प्रस्तुत प्रमाणकों में फर्जी हस्ताक्षर का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने वन मंत्री केदार कश्यप को घेरा। वन मंत्री के जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। हंगामे के बीच जब अंत में मंत्री ने रिपोर्ट आते ही कार्यवाही का आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ।
कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने मरवाही वनमंडल अंतर्गत गोबर खाद आपूर्ति के लिए प्रस्तुत प्रमाणको में फर्जी हस्ताक्षर को जांच का मामला उठाया। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि 6/1/2026 को ही शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के संदर्भ में जांच चल रही है। 3 सदस्यीय समिति जांच कर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही करेंगे।
विधायक दलेश्वर साहू ने सवाल किया कि कितने फर्जी हस्ताक्षर के बिल को पास किया गया है? मंत्री ने बताया कि जांच चल रही है। रिपोर्ट आते ही कार्यवाही की जाएगी। विधायक ने इस पर जांच पूर्ण होने की बात कहते हुए जांच के नाम पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आ गई है, डीएफओ पर कार्यवाही होना तय है। क्या आप कार्यवाही करेंगे?
इस पर सभापति ने दखल देते हुए विधायक से कहा कि आप मंत्री से अलग से मिल कर बात कर लेंगे। वहीं डीएफओ पर कार्यवाही की बात का जवाब मंत्री द्वारा सही तरीके से नहीं देने पर विपक्ष ने जोरदार हंगामा मचाया। सभापति ने इसके साथ स्पष्ट किया कि बिना आसंदी के अनुमति के कोई भी कागज पटल पर नहीं रखा जा सकता।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि समिति जांच कर रही है, रिपोर्ट आते ही इस पर कार्यवाही कर दी जाएगी। विधायक उमेश पटेल ने कहा कि जो भी तथ्य है, उसे सदन के पटल पर रखे जाने की अनुमति दे दीजिए। सभापति ने कहा कि इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती इसकी प्रक्रिया होती है।
चर्चा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि हमारे विधायक कह रखे है कि जांच हो गई है। अधिकारी दोषी पाया गया है। अगर दोषी पाया गया है, तो उसे सस्पेंड कर दीजिए। हम यही तो कहा रहे हैं। विधायक ने इस पर कहा कि रिपोर्ट आपके पास कब तक आ जाएगी यह बता दीजिए। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि रिपोर्ट आते ही इस पर कार्यवाही हो जाएगी।



