पीएम मोदी इजरायल रवाना, नेतन्याहू ने भारत के साथ बना दिया हेक्सागॉन एलायंस

पीएम मोदी इजरायल रवाना, नेतन्याहू ने भारत के साथ बना दिया हेक्सागॉन एलायंस
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन से इजरायल के लिए 2 दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। थोड़ी देर पहले उनके विमान ने उड़ान भरी। पीएम मोदी के इजरायल पहुंचने से पहले इजरायल की संसद नेसेट तिरंगे की रोशनी से नहा उठी है। नेसेट के स्पीकर ने पीएम मोदी के सम्मान में इस तस्वीर को एक्स पर शेयर किया है। प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान भारत और इजरायल में कई बड़े समझौते होने हैं। इसमें डिफेंस डील प्रमुख है। वहीं पीएम मोदी के तेल-अवीव पहुंचने से पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को हेक्सागॉन एलायंस में शामिल कर तुर्की और पाकिस्तान जैसे देशों को बड़ा झटका दिया है।
नेतन्याहू ने भारत को “हेक्सागॉन” गठबंधन में शामिल करके खुशी जाहिर की है। इसमें भारत-इजरायल के अलावा, अरब राष्ट्र, अफ्रीकी राष्ट्र, भूमध्यसागरीय राष्ट्र (ग्रीस और साइप्रस)व एशिया के अन्य अज्ञात राष्ट्र शामिल हैं। यह विवरण व्यापक रूप से इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर की दृष्टि से मेल खाता है, जो कनेक्टिविटी को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को मजबूत करने का लक्ष्य रखता है। यह गठबंधन उन राष्ट्रों का एक अक्ष बनाने का उद्देश्य रखता है जो वास्तविकता, चुनौतियों और लक्ष्यों पर सहमत हों। यह संगठन विशेष रूप से उग्रवादी शिया और सुन्नी मुसलमानों के खिलाफ है। इज़रायली नेता ने कहा कि इन राष्ट्रों की धारणाएं अलग-अलग हैं, लेकिन उनके बीच सहयोग से “महान परिणाम” मिल सकते हैं और उनकी “सहनशीलता और भविष्य” सुनिश्चित हो सकता है।



