छत्तीसगढ़

होली पर्व को लेकर धमतरी पुलिस सतर्क, कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न

असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी, अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान


धमतरी(प्रखर)आगामी होली पर्व एवं जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पुलिस कार्यालय धमतरी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, यातायात, साइबर तथा विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। विगत पांच वर्षों में होली के दौरान हुई घटनाओं का विश्लेषण कर इस वर्ष के लिए अग्रिम कार्ययोजना बनाई गई। जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल पेट्रोलिंग, स्थायी पिकेट एवं चिन्हित क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा एवं उभरते असामाजिक तत्वों को चिन्हांकित कर उन पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार बाउंड ओवर एवं जमानतबद्ध कार्रवाई की जाए। होली पूर्व सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन और परिणाममुखी विशेष अभियान चलाने के आदेश जारी किए गए। आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही खुले स्थानों पर शराब सेवन करने या करवाने वालों पर भी सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। होटल, ढाबा और लॉज की नियमित जांच कर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने को कहा गया।
चाकूबाजी, तलवारबाजी एवं अन्य हथियारों से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा कर ऐसे तत्वों को चिन्हित करते हुए प्रतिबंधात्मक और निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। नशे में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, स्टंटबाजी तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडे, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी यातायात मोनिका मरावी, डीएसपी मुख्यालय मीना साहू, डीएसपी एसजेपीयू यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान पूरे जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार का आनंद ले

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button