22.35 करोड़ की सौगात: अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के चौड़ीकरण को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र को अधोसंरचना विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के किमी 6/2 से 12/6 एवं 16/8 से 20/2 (कुल 10.00 किमी) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए राज्य शासन द्वारा 2235.88 लाख रुपये (22 करोड़ 35 लाख 88 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह स्वीकृति धमतरी विधायक ओंकार साहू के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर लगातार पहल की। सड़क की जर्जर स्थिति और बढ़ते यातायात दबाव को प्रमुखता से उठाते हुए उन्होंने इस मार्ग के उन्नयन की आवश्यकता को रेखांकित किया, जिसके फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण कार्य अब शीघ्र प्रारंभ होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से अर्जुनी, भानपुरी, तरसींवा, कुर्रा, अमलीडीह एवं हसदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और आम नागरिकों को सुरक्षित व सुगम सड़क उपलब्ध होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
विधायक ओंकार साहू ने इस स्वीकृति पर लोकनिर्माण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मार्ग ग्रामीण अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
क्षेत्रवासियों ने इस स्वीकृति को ऐतिहासिक कदम बताते हुए विधायक के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है, जो क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।


