धीवर समाज ने महापौर रामू रोहरा का किया अभिनंदन, 15.84 लाख की सहायता पर जताया आभार

धमतरी(प्रखर) धीवर समाज धमतरी परगना एवं हिरवानी परिवार ने नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा का अभिनंदन कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। समाजजनों ने कहा कि जब परिवार के सामने सभी रास्ते बंद नजर आ रहे थे, तब महापौर ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उपचार के लिए आर्थिक सहायता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सदर दक्षिण निवासी उषा बाई हिरवानी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उपचार के लिए बड़ी राशि की आवश्यकता थी, जिसे जुटा पाना परिवार के लिए संभव नहीं हो पा रहा था। मामले की जानकारी धीवर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर रामू रोहरा को दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने तुरंत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सहायता राशि स्वीकृत करने हेतु अनुशंसा पत्र प्रेषित किया।
महापौर की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री द्वारा उषा बाई हिरवानी के इलाज के लिए 15 लाख 84 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई। सहायता राशि स्वीकृत होने की खबर मिलते ही धीवर समाज एवं हिरवानी परिवार भावुक हो उठा। समाजजनों ने नगर निगम पहुंचकर महापौर का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात महापौर रामू रोहरा स्वयं उषा बाई हिरवानी के निवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। परिवारजनों ने आरती उतारकर एवं मिठाई खिलाकर धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी मार्गदर्शन और सहयोग का आग्रह किया।
इस अवसर पर धीवर समाज धमतरी परगना के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सहयोग न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए आशा और विश्वास का प्रतीक है।



