छत्तीसगढ़

होली पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट


नीलेश लूनिया के नेतृत्व में 4-5 मार्च को विशेष सफाई अभियान, गैंग रहेंगे तैनात


धमतरी(प्रखर) होली पर्व के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है। स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी नीलेश लूनिया के नेतृत्व में 4 और 5 मार्च को विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर सभी सफाई गैंग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि शहर में कहीं भी गंदगी की स्थिति उत्पन्न न हो।
नीलेश लूनिया ने सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और संबंधित अधिकारियों की विस्तृत बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि होली के दौरान रंग-गुलाल, पूजा सामग्री, प्लास्टिक पैकेट, होलिका दहन के अवशेष और अन्य अपशिष्ट के कारण शहर में कचरे की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई के साथ अतिरिक्त सफाई दल भी तैनात किए जाएं। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, मंदिर परिसरों और होलिका दहन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जहां अधिक भीड़ की संभावना है, वहां अतिरिक्त सफाई कर्मचारी और कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध रहेंगे।
नीलेश लूनिया ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि कचरा समय पर उठे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त शिफ्ट में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी आवश्यक संसाधन, उपकरण और वाहन पहले से तैयार रखें जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि 4 मार्च को होली के दिन और 5 मार्च को उसके बाद शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर रंगों और उत्सव के अवशेषों को शीघ्र हटाया जाएगा, जिससे शहर जल्द ही सामान्य और स्वच्छ स्थिति में लौट सके।
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी के रूप में नीलेश लूनिया ने नागरिकों से भी अपील की कि वे होली के दौरान कचरा खुले में न फेंकें, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही संभव है।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश ठाकुर, मैग्नस सिंह ठाकुर, श्यामलाल नेताम सहित अन्य अधिकारी और सुपरवाइजर उपस्थित रहे। नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि नीलेश लूनिया के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा, ताकि शहरवासी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में होली का त्योहार मना सकें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button