मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना से धमतरी को ऐतिहासिक सौगात: 2.14 करोड़ के कार्य स्वीकृत, गोकुलपुर वार्ड से हुई शुरुआत

धमतरी। प्रदेश की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत धमतरी नगर निगम क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। शहर के 40 वार्डों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने के लिए 2 करोड़ 14 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना के तहत नए विद्युत पोल की स्थापना, जर्जर पोलों की शिफ्टिंग तथा पुराने और क्षतिग्रस्त केबल वायर बदलने जैसे महत्वपूर्ण कार्य चरणबद्ध ढंग से किए जाएंगे।
योजना की औपचारिक शुरुआत गोकुलपुर वार्ड, भटगांव रोड स्थित संदीप डेयरी के पास विद्युत पोल स्थापना कार्य के भूमि पूजन के साथ हुई। भूमि पूजन महापौर रामू रोहरा के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को सुरक्षित व निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गोकुलपुर वार्ड सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय से विद्युत पोल की कमी, झुके हुए पोल, तारों के जाल तथा जर्जर केबल की समस्या बनी हुई थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इन समस्याओं को दूर करने के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजे गए थे, जिन्हें स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से सभी 40 वार्डों में आवश्यकता के अनुसार विद्युत अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा। जहां-जहां पोल शिफ्टिंग की आवश्यकता है, वहां यह कार्य प्राथमिकता से होगा। साथ ही क्षतिग्रस्त और पुराने केबल वायर बदले जाएंगे, जिससे शॉर्ट सर्किट, विद्युत अवरोध और आगजनी जैसी घटनाओं की संभावना में कमी आएगी।
महापौर ने यह भी बताया कि मजबूत विद्युत व्यवस्था से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि छोटे व्यवसायियों, दुकानदारों और उद्यमियों को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे शहर के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। नगर निगम द्वारा वार्डवार सर्वे कर आवश्यकतानुसार कार्यों की सूची तैयार की गई है, ताकि किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा न हो।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के 40 वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधार हेतु नए पोल लगाने, पोल शिफ्टिंग कराने एवं जर्जर केबल बदलने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे। नागरिकों की मांग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के आधार पर शासन से 2.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम में सभापति कौशिल्या देवांगन, कार्यपालन अभियंता एपी सोनी, सहायक अभियंता भारत सिन्हा, सहायक अभियंता रूपेश जोशी, कनिष्ठ अभियंता शेषनारायण देवांगन, संबंधित ठेकेदार, वार्ड पार्षद गजेंद्र कंवर, संतोष सोनकर, संजय देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और धमतरी शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आधुनिक विद्युत व्यवस्था की दिशा में एक मजबूत आधार मिलेगा।



