दर्दनाक सडक़ हादसा : जशपुर में 6, बलौदाबाजार जिले में 4 की मौत, 21 से अधिक गंभीर, सीएम साय ने जताया दुःख

जशपुर में तेज रफ्तार बस पलटी, सिमगा में ट्रेलर ने यात्री बस को टक्कर मारी
जशपुर/बलौदा बाजार। प्रदेश में आज दर्दनाक सडक़ हादसों में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीँ 21 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। एक हादसा जशपुर में और दूसरा रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे पर हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संभव मदद की कोशिश की जा रही है। घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जशपुर में तेज रफ़्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 6 की मौत, 9 गंभीर
मृतकों में एक बच्चा भी शामिल
जशपुर जिले में भीषण सडक़ हादसा हुआ है। करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और घटनास्थल पर एम्बुलेंस भेजी गई। वहीं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से सभी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सिमगा के पास ट्रेलर ने यात्री बस को टक्कर मारी, 4 की मौत, 12 से अधिक घायल
शुक्रवार को रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सिमगा के पास दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया है। ट्रेलर ने यात्री बस को टक्कर मार दी है। इस हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए हैं। 4 से ज्यादा लोगों की मौत होने की जानकारी आ रही है। वहीं दर्जनभर से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो पुरुष, दो बच्चे और महिला शामिल है। हादसा लगभग सवा ग्यारह बजे हुआ। यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी कि तभी सिमगा से 10 किलोमीटर आगे दरचुरा मोड़ पर पीछे से ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे बस हाईवे से नीचे जाकर पलट गई। घायलों को सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया है। पुलिस एवं प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी है। सिमगा से दामाखेड़ा मार्ग पर दरचूरा के पास एक मोड़ पर हादसा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। बस के पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद सेे घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
घायलों से मिलने पहुंची कौशल्या साय
जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह हुए भीषण बस हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।



