तहसील कार्यालय में लगी भीषण आग, दमकल ने संभाला मोर्चा, रिकॉर्ड रूम और दस्तावेज सुरक्षित

तहसील कार्यालय में लगी भीषण आग, दमकल ने संभाला मोर्चा, रिकॉर्ड रूम और दस्तावेज सुरक्षित
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार तहसील कार्यालय परिसर में आज शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे कार्यालय परिसर में हडक़ंप मच गया। आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी इमारत की ओर से भडक़ी और धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की दिशा में बढऩे लगी। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
तहसील कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और अतिरिक्त सहायता के तौर पर आसपास स्थित सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे बलौदाबाजार की पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी थी। आग की चपेट में आने से तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने मीडिया को बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और सभी जरूरी दस्तावेजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।



