अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला, धारदार हथियार से चेहरे पर वार

अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला, धारदार हथियार से चेहरे पर वार
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीडऩ का केस दाखिल करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ है। रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से वह प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान ट्रेन के अंदर ही उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया। फतेहपुर और कौशांबी जिले के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास उनपर हमला किए जाने की सूचना मिली है। इस हमले में आशुतोष महाराज को कई जगह चोटें भी आई हैं। वह लहूलुहान हालत में ही प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
आशुतोष महाराज ने पत्रकारों से बात करते हुए सीधे तौर पर इस हमले का आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया है। उन्होंने कहा कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर हमले की साजिश रचने का शक जताया है। इसके अलावा उन्होंने प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी थाने में एफआईआर भी दर्ज करा दी है। आशुतोष महाराज का प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल कराया गया। जानकारी के मुताबिक वह गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर प्रयागराज आ रहे थे, इसी बीच ट्रेन के अंदर ही उनपर हमला किया गया।
दरअसल, मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े केस की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में 12 मार्च को होनी है। इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण आरोप के मामले में भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करना है। दोनों मामलों की पैरवी के लिए आशुतोष महाराज प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान उनपर हमला किया गया। आशुतोष महाराज रीवा एक्सप्रेस के एच1 कोच में सफर कर रहे थे। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाता हुए कहा कि हाल ही उनके लोगों ने मेरी नाक काटने के लिए 21 लाख रुपये का इनाम रखा था और करते भी दिखा दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हमले के दौरान कहा कि तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस लिखवाया तुम्हे मार देंगे।



