खेल

टी20 विश्व कप के फाइनल में आज भारत-न्यूजीलैंड आमने सामने

भारत 15वीं बार खेलेगा आईसीसी फाइनल

अहमदाबाद। टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम पर इतिहास रचने की उम्मीदों का भारी दबाव होगा। कागजों पर भारत का पलड़ा भले ही मजबूत दिख रहा हो, लेकिन न्यूजीलैंड जैसी अनुशासित और जुझारू टीम को हल्के में लेना किसी भी तरह से आसान नहीं होगा। यह मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े छह बजे होगा।

भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड 15वीं बार फाइनल खेलने उतरने जा रही है। यह सफर 1983 विश्व कप से शुरू हुआ था, जब कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहली बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। तब से अब तक टीम इंडिया आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों में कुल सात ट्रॉफियां अपने नाम कर चुकी है।

इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका को खिताब का प्रबल दावेदार माना था, लेकिन न्यूजीलैंड ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अब कीवी टीम की नजरें अपने पहले खिताब पर लगी हैं। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। अब भारत की नजर अपने खिताब को बरकरार रखने पर होगी। हालांकि, फाइनल में भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं होगा।

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मकौंकी , मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेवोन कॉन्वे, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button