छग विस : कांग्रेस ने उठाया रिकेश सेन की जान को खतरे का मुद्दा, विधायक बोले मेरी सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित

छग विस : कांग्रेस ने उठाया रिकेश सेन की जान को खतरे का मुद्दा, विधायक बोले मेरी सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित
रायपुर। पूर्व मुख़्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल और उमेश पटेल ने शून्यकाल में विधायक रिकेश सेन की जान को खतरे का मुद्दा उठाया। उन्होंने सत्तापक्ष से रिकेश सेन की सुरक्षा पर वक्तव्य की मांग की। कहा गया कि विधायक रिकेश सेन ने जान का खतरा बताया है। गंभीर विषय है कोई सदस्य सदन में सुरक्षित नहीं है। सत्ता पक्ष को इस पर वक्तव्य देना चाहिए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा मेरी सदस्य से बात हुई है उनकी सुरक्षा की चिंता है। मांग न माने जाने पर विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया। भूपेश बघेल ने कहा जब विधायक ही सुरक्षित नहीं तो सदन कैसे चलेगा।
विपक्षी सदस्यों ने सत्ता पक्ष के विधायक रिकेश सेन को मिली जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाया। इस पर आसंदी के व्यवस्था देने से इंकार करने पर विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया। शून्यकाल में भाजपा विधायक रिकेश सेन को मिली जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मैंने कल ही सदन इस पर गृहमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया था। लेकिन इस मामले में अभी तक सरकार की ओर से वक्तव्य नहीं आया है। इस पर कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने आसंदी से व्यवस्था देने की मांग की।
विपक्षी विधायकों ने कहा कि यह गंभीर मामला है। सरकार या विधायक रिकेश सेन का जवाब आना चाहिए। आसंदी ने व्यवस्था देने से इंकार करते हुए कहा कि सरकार के ध्यान में बात आ गई है, व्यक्तव्य की जरूरत नहीं है। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि जब तक जवाब नहीं आता, विपक्ष कार्यवाही में भाग नहीं लेगा।
मामले में भाजपा विधायक रिकेश सेन ने जवाब देते हुए कहा कि बिना सही जानकारी बहिष्कार करना सही नहीं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूँ। मेरी सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित है। मैंने अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी जानकारी सरकार को और संसदीय कार्यमंत्री को दे दी है। इसलिए इसे लेकर राजनीति करनी ठीक नहीं है।



