छत्तीसगढ़

विकास कार्यों को गति देने निगम के लोक निर्माण विभाग की मैराथन बैठक


विभागाध्यक्ष विजय मोटवानी ने दिए निर्देश—निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का हो कड़ाई से पालन


धमतरी। नगर निगम के लोक निर्माण विभाग की मैराथन बैठक आयोजित कर शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। विभागाध्यक्ष विजय मोटवानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय सीमा तथा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
विजय मोटवानी ने कहा कि शहरवासियों ने जनप्रतिनिधियों पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम का नैतिक कर्तव्य है कि नागरिकों को बेहतर और सुचारू सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।
बैठक में शहर में चल रहे और प्रस्तावित प्रमुख निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, स्वीकृत हाईटेक बस स्टैंड, शास्त्री चौक से विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग, कचहरी चौक से रत्नाबांधा चौक तक सड़क व्यवस्था तथा बीटी रोड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा शहर के उद्यानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
विजय मोटवानी ने कहा कि महापौर रामू रोहरा द्वारा प्रतिदिन शहर के 40 वार्डों का भ्रमण कर जनता से सीधे संवाद कर जो जनहित के कार्य सामने आते हैं, उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निगम कमिश्नर को अवगत कराते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर उन्हें कार्य रूप में बदला जाए। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से साइट पर पहुंचकर निरीक्षण करें और पार्षदों के साथ संवाद, सलाह और सहयोग से कार्यों को गति दें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन ठेकेदारों ने टेंडर लेने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं किया है, उन्हें तीन दिन के भीतर नोटिस जारी कर टेंडर की शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में पार्षद सदस्य हेमंत बंजारे, मेघराज ठाकुर, कुलेश सोनी, चंद्रभागा साहू, नम्रता पवार, ईश्वर सोनकर सहित ई. मयंक राठौर, सब इंजीनियर लोमश देवांगन, कमलेश ठाकुर, नमिता ऐश्वर्या और परमेश पेदंरिया सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button