सिंगपुर में सहकारी समिति और सामुदायिक भवन की पहल, बूटीगढ़ में पर्यटन विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

ग्रामीणों से चर्चा कर विकास कार्यों के दिए निर्देश
धमतरी(प्रखर) कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मगरलोड विकासखंड के प्रवास के दौरान ग्राम सिंगपुर और बूटीगढ़ का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली।
सिंगपुर पहुंचकर कलेक्टर मिश्रा ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए गांव में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, बैंक और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन सिंगपुर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही किसानों और ग्रामीणों को बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए गांव में सहकारी समिति स्थापित करने की दिशा में पहल की जाएगी।
कलेक्टर ने युवाओं के कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में आईटीआई खोलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की और चिकित्सकों की उपस्थिति तथा एंबुलेंस सेवा की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कमार डेरा जाने वाली सड़क खराब हो गई है, जिसे ठीक कराने की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत मेडिकल वैन आती है, जो ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराती है।
निरीक्षण के दौरान सिंगपुर में सामुदायिक भवन निर्माण तथा 200 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान मार्ग में बन रहे पुल निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया।
इसके बाद कलेक्टर ने बूटीगढ़ का निरीक्षण किया। यहां मंदिर के पुजारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र को बेहतर बनाने और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यहां बिजली और पानी की अत्यंत आवश्यकता है। साथ ही नवरात्रि और शिवरात्रि के अवसर पर यहां मेला लगता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि बूटीगढ़ तक पहुंचने के लिए मार्ग में पुल निर्माण तथा पेयजल सुविधा के लिए पानी टंकी का निर्माण कराया गया है। यहां सोलर हाईमास्ट और वॉच टावर के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं और गांव के विकास संबंधी विषयों पर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



