छत्तीसगढ़

UPSC में 623वीं रैंक हासिल करने वाले डायमंड सिंह ध्रुव से कलेक्टर की सौजन्य भेंट


जिले का नाम रोशन करने पर दी बधाई, युवाओं के लिए बताया प्रेरणास्रोत


धमतरी(प्रखर)संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम परसवानी के युवा डायमंड सिंह ध्रुव से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने डायमंड सिंह ध्रुव को उनकी उपलब्धि पर मुंह मीठा कराते हुए शुभकामनाएं दीं और कहा कि इतनी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि डायमंड की इस उपलब्धि से धमतरी जिले के युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी तथा वे भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस दौरान कलेक्टर और डायमंड सिंह ध्रुव के बीच आत्मीय चर्चा भी हुई। कलेक्टर ने उनसे उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही प्रशासनिक सेवा में आने के बाद समाज और देश के विकास के लिए बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने अपने प्रशासनिक सेवा के अनुभव भी साझा किए और कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
डायमंड सिंह ध्रुव ने बताया कि उन्हें संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 623वीं रैंक प्राप्त हुई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच से ही यह सफलता संभव हो पाई है।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता स्वर्गीय बलराम सिंह ध्रुव मगरलोड जनपद पंचायत में करारोपण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका कुछ समय पहले निधन हो गया। उनकी माता एक शासकीय विद्यालय में शिक्षिका हैं और उन्होंने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। डायमंड ने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन से ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि डायमंड सिंह ध्रुव की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक सेवा में आने के बाद डायमंड अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, जनपद पंचायत मगरलोड की अध्यक्ष दिव्या ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button