छत्तीसगढ़

ग्राम लीलर में मेगा हेल्थ कैंप एवं महिला जागृति शिविर का आयोजन


महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पोषण, स्वच्छता और अधिकारों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी


धमतरी। ग्राम लीलर में एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मेगा हेल्थ कैंप एवं महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करना तथा उन्हें स्वास्थ्य, पोषण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किशोरी बालिकाएं और बुजुर्ग उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी समाज के विकास का मजबूत आधार होता है। यदि महिलाएं और बच्चे स्वस्थ होंगे तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने और बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार को स्वस्थ और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मेगा हेल्थ कैंप के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न प्रकार की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं। शिविर में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की विशेष रूप से जांच की गई और उन्हें गर्भावस्था के दौरान पोषण, देखभाल और नियमित जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी प्राची शर्मा ने शिविर में उपस्थित महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को पोषण, स्वच्छता, एनीमिया से बचाव और महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर दुर्गा प्रसाद और बाल रोग विशेषज्ञ संगीता सूर्यवंशी ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं के लिए पारंपरिक गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें पौष्टिक आहार और मातृत्व देखभाल के महत्व के बारे में बताया गया। इसके साथ ही नौनिहालों के लिए अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें छोटे बच्चों को पहली बार अन्न ग्रहण कराया गया और उनके स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के अंत में मोनिका देवांगन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन बहनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग से ही ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो पाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष ऋषभ देवांगन, सरपंच प्रतिनिधि नरेंद्र नेताम, उपसरपंच दीपक सिन्हा, भाजपा युवा मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी धर्मराज सिन्हा, सुपरवाइजर टिंकी साहू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन बहनें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button