फ्यूचर-रेडी फैसिलिटेशन स्किल्स कार्यशाला सम्पन्नआईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों की क्षमता वृद्धि पर जोर

धमतरी(प्रखर) जिला प्रशासन धमतरी द्वारा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन तथा आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “फ्यूचर-रेडी फैसिलिटेशन स्किल्स” का आयोजन कुरूद स्थित PACE सेंटर में किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षण अधिकारियों एवं प्राचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षकों की क्षमताओं को मजबूत करना तथा प्रशिक्षण पद्धतियों को अधिक प्रभावी, नवाचारपूर्ण और परिणाममुखी बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रशिक्षार्थियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के तरीके और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में लर्नर एंगेजमेंट, उद्योग की अपेक्षाओं की समझ, सीखने की खाई को पाटने के उपाय, डिजिटल एवं एआई आधारित टूल्स का उपयोग तथा कम्पीटेंसी आधारित प्रशिक्षण पद्धतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण प्रक्रिया को अधिक सहभागी, तकनीक समर्थ और परिणामोन्मुख बनाने के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही कंटेंट डेवलपमेंट टीम से महेंद्र मरकाम और राज्य स्तरीय टीम के विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण को उद्योग की मांग के अनुरूप अद्यतन करना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशिक्षकों को नवीनतम तकनीकों, डिजिटल साधनों और शिक्षण-प्रशिक्षण की आधुनिक विधियों से जोड़ते हैं, जिससे युवाओं को बेहतर कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा और आईटीआई में अध्ययनरत युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर कौशल उपलब्ध कराया जा सकेगा।



