धमतरी में खेलों का महापर्व, पखवाड़े भर खिलाड़ियों को मिलेगा मंच- पं. राजेश शर्मा

शहर की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, खेल पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय
धमतरी। शहर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें समुचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस पहल के तहत क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के साथ-साथ पारंपरिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि शहर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन देने की है। इसी सोच के साथ यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर उनके खेल कौशल को निखारा जा सके।
इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी शहर में खेल के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले योगी रायचुरा को संयोजक के रूप में सौंपी गई है। वहीं, धर्मप्रेमी समाज की ओर से पंडित राजेश शर्मा ने भी इस आयोजन को सफल बनाने का जिम्मा उठाया है।
संयोजक योगी रायचुरा ने बताया कि लगभग एक माह तक चलने वाले इस खेल पखवाड़े में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से न केवल खिलाड़ियों को पहचान मिलेगी, बल्कि खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल से जुड़े संस्थान, समितियां और इच्छुक लोग इस आयोजन से जुड़कर सहयोग कर सकते हैं।
वहीं पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि समाज सेवा, धर्म और जनहित से जुड़े कार्यों में वे लगातार सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों में जब तक ईश्वर की कृपा रहेगी, तब तक निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि ऐसे आयोजनों में सहयोग और सहभागिता देकर इसे सफल बनाएं।
खेल पखवाड़े के इस आयोजन से शहर में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



