आंगनबाड़ियों को गोद लेने की पहल, अधिकारियों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी

बच्चों के पोषण और देखभाल पर विशेष फोकस, नियमित निगरानी करेंगे अधिकारी
धमतरी(प्रखर)कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ियों को कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा गोद लेने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में बताया गया कि जिले की लगभग 100 आंगनबाड़ियों को चिन्हांकित कर अलग-अलग अधिकारियों को गोद दिया जाएगा। यह पहल आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था सुधारने और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गोद ली गई आंगनबाड़ियों का नियमित निरीक्षण किया जाए और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन किया जाए। भवन की स्थिति, पेयजल, शौचालय की स्वच्छता, साफ-सफाई, बच्चों को समय पर गर्म व पौष्टिक भोजन तथा रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुपोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को फील्ड भ्रमण के दौरान संबंधित आंगनबाड़ियों का अनिवार्य दौरा करने तथा ग्राम सचिव और सरपंच के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के लिए खेल-खिलौनों और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
बैठक में मगरलोड विकासखंड के निराई माता मंदिर परिसर में नवरात्रि की पंचमी तिथि पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मंदिर वर्ष में केवल एक दिन खुलने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए विशेष तैयारी करने को कहा गया।
इसके अलावा राजस्व प्रकरणों और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अटल सेवा केंद्रों को सशक्त बनाकर दूरस्थ क्षेत्रों, विशेषकर मगरलोड और नगरी विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में सेवाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



