छत्तीसगढ़
खैरागढ़ में सील बंद पैलेस की सुरक्षा में तैनात जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

खैरागढ़ में सील बंद पैलेस की सुरक्षा में तैनात जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान जिले के ग्राम उदयपुर स्थित सील बंद पैलेस परिसर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं बटालियन बुढ़ानभाट में पदस्थ था और मूलत: भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। जवान पूर्व विधायक एवं सांसद रहे स्व. देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित सील किए गए पैलेस की सुरक्षा में तैनात था। घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने की है। एसपी लक्ष्य शर्मा ने बताया कि, घटना की जानकारी के बाद पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम उदयपुर पैलेस पहुंची है और आगे की जांच की जा रही है।



