धर्मनिष्ठ समाजसेवी पं. राजेश शर्मा बने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, धमतरी में खुशी की लहर

धमतरी(प्रखर) भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा संगठन विस्तार के तहत प्रदेश कार्यकारिणी, स्थायी मंत्री सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की घोषणा के साथ ही जिले में उत्साह का माहौल बन गया है। इस सूची में धमतरी के धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी पं. राजेश शर्मा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पं. राजेश शर्मा लंबे समय से धार्मिक, सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने विभिन्न धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं सेवा कार्यों के माध्यम से न केवल धमतरी जिले में, बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके कार्यों में समाज के हर वर्ग को जोड़ने और जनकल्याण को प्राथमिकता देने की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने को संगठन में उनकी सक्रियता, निष्ठा और कार्यशैली का सम्मान माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उनसे संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनसंपर्क को व्यापक स्तर पर बढ़ाने की उम्मीद है।
पं. शर्मा की नियुक्ति के बाद शहर के सामाजिक संगठनों, विभिन्न समितियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे धमतरी के लिए गौरव का विषय बताया है। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।
राजनीतिक एवं सामाजिक जानकारों का मानना है कि पं. राजेश शर्मा की सक्रियता और अनुभव का लाभ आने वाले समय में संगठन को निश्चित रूप से मिलेगा, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी।



