छत्तीसगढ़

गंगरेल में पहली बार ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’, 22 मार्च को नौकायान का रोमांच


धमतरी(प्रखर) छत्तीसगढ़ में पहली बार गंगरेल बांध में भव्य स्तर पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। 22 मार्च, रविवार को दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली इस रोमांचक प्रतियोगिता को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य जल पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और गंगरेल बांध को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच नौकायन की रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।
आकर्षक पुरस्कारों से बढ़ेगा उत्साह
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार घोषित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बोट सजावट एवं वेशभूषा प्रतियोगिता के लिए 11 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है, जिससे प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलेगा।
20 मार्च तक होगा पंजीयन
इच्छुक टीमें 500 रुपये प्रति टीम शुल्क के साथ 20 मार्च शाम 5 बजे तक अपना पंजीयन करा सकती हैं। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों से समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर ने की अधिक भागीदारी की अपील
कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने जिले के युवाओं, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल और रोमांच का अवसर है, बल्कि धमतरी की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है। साथ ही प्रतिभागियों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उत्साहपूर्वक हिस्सा लेने का आग्रह किया गया है।
गौरतलब है कि इस तरह का आयोजन पहली बार गंगरेल में हो रहा है, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र जल क्रीड़ा और पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकता है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button