ओलावृष्टि व असामयिक बारिश से फसलें प्रभावित, 72 घंटे में सूचना देकर लें बीमा लाभ

धमतरी(प्रखर) जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से रबी फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रशासन ने किसानों से सतर्क रहने और समय पर बीमा दावा करने की अपील की है। प्रभावित कृषकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राहत दिलाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रबी मौसम 2025-26 में जिन अधिसूचित ग्रामों के किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल ओलावृष्टि या बारिश से प्रभावित हुई है, वे अपनी क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को देना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय सीमा में सूचना देने पर ही बीमा दावा मान्य होगा।
टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत दर्ज
किसान अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से टोल फ्री नंबर 14447 और 18004190344 पर संपर्क कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। समय पर सूचना देने से प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति की भरपाई का लाभ मिल सकेगा।
मैदानी अमला कर रहा सहयोग
किसानों की सुविधा के लिए बीमा कंपनी के अभिकर्ता और कृषि विभाग का मैदानी अमला गांव-गांव पहुंचकर सहायता प्रदान कर रहा है, ताकि किसी भी पात्र किसान को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी फसल क्षति की जानकारी जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाकर किसान अपनी आर्थिक हानि की भरपाई कर सकते हैं।
किसानों को अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी कृषि कार्यालय, ग्राम स्तरीय अमले या संबंधित बीमा प्रतिनिधि से संपर्क करने की सलाह दी गई है।



