नवागांव (कण्डेल) में धूमधाम से मना माँ कर्मा जयंती महोत्सव, समाज में दिखी एकजुटता और उत्साह

धमतरी – साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माँ कर्मा की 1010वीं जयंती के अवसर पर ग्राम नवागांव (कण्डेल) में कर्मा जयंती महोत्सव एवं वार्षिक सम्मेलन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। संत माता कर्मा सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, मातृशक्तियां और युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भव्य कलश यात्रा से हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात माँ कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य आरती की गई।
आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माँ कर्मा साहू समाज की आस्था, शक्ति और एकता की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समाज की उन्नति शिक्षा, संस्कार और संगठन से ही संभव है। हमें अपने बच्चों को शिक्षित और संस्कारित बनाकर समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण साहू समाज की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर जिला साहू संघ धमतरी अध्यक्ष गणेश राम साहू, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, जनपद सदस्य नीलेंद्ररी देवांगन साहू, जिला साहू संघ धमतरी उपाध्यक्ष लालजी साहू, साहू समाज परिक्षेत्र छुरा अध्यक्ष टेकराम साहू, किशन लाल साहू, ग्राम पंचायत सरपंच लखन लाल ध्रुव, ग्राम विकास अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू, रोशन साहू, द्वारिका साहू, भाजयुमो भोथली मंडल अध्यक्ष गिरीश साहू, तुषार साहू, डोमेंश्वर साहू, चन्द्रिका साहू, लोकेश साहू, बसंत साहू, रेखराम साहू, प्रमोद साहू सहित बड़ी संख्या में समाजिक बंधु उपस्थित रहे।



