चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर माँ अंगारमोती मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, कलेक्टर व सीईओ ने की पूजा-अर्चना

धमतरी(प्रखर)पावन चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर जिलेभर में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर रहा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, वहीं प्रमुख धार्मिक स्थल माँ अंगारमोती मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र ठाकुर ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से माँ की आराधना की और जिलेवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और घंटियों की गूंज के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलेक्टर एवं सीईओ ने माँ अंगारमोती के चरणों में मत्था टेककर जिले में शांति, समृद्धि और विकास की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
पूजा-अर्चना के पश्चात कलेक्टर ने मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारु बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का व्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप श्रद्धालुओं की आस्था को और सशक्त करता है।
विशेष रूप से मंदिर परिसर में विकसित गार्डन का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने इसे और समृद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि गार्डन में औषधीय पौधों का रोपण किया जाए, जिससे यह स्थान न केवल धार्मिक बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बने। इसके लिए संबंधित विभागों को विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर माँ अंगारमोती मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मराई भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से आए भक्तों ने माँ के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।



