छत्तीसगढ़

मां अंगार मोती धाम में भक्ति की अलख, 3741 ज्योत से जगमगाया दरबार


धमतर(प्रखर) चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जिले के गंगरेल स्थित प्रसिद्ध मां अंगार मोती धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कर मां अंगार मोती दाई की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवरात्र के दौरान इस वर्ष धाम में कुल 3741 ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसमें 2608 तेल ज्योत और 1133 घी ज्योत शामिल हैं। यह आंकड़ा श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाता है। विशेष बात यह रही कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और हरियाणा जैसे विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। इतना ही नहीं, विदेशों से भी भक्तों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की, जिसमें विशेष रूप से अरब देश ओमान से भी मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कराई गई।
मंदिर परिसर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। आकर्षक साज-सज्जा, रंग-बिरंगी लाइटिंग और पारंपरिक सजावट ने दरबार की भव्यता को और भी बढ़ा दिया। पूरे परिसर में भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और जयकारों की गूंज से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
अंगार मोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई ने बताया कि मां अंगार मोती दाई की कृपा असीम और अपरंपार है। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और विश्वास के साथ मां के दरबार में आता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां का आशीर्वाद लेने का आग्रह भी किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, संरक्षक मंडल के सदस्य, सचिव ढालूराम ध्रुव, सह सचिव देवानंद नेताम, कोषाध्यक्ष ओंकार सिंह मरकाम सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्यगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी का सराहनीय योगदान रहा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button