नवरात्रि पर नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष हरमित सिंह होरा ने किए देवी दर्शन, जिले-प्रदेश की खुशहाली की कामना

धमतरी(प्रखर)चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में आस्था और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष हरमित सिंह होरा ने गंगरेल स्थित प्रसिद्ध माँ अंगार मोती माता मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माँ के चरणों में शीश नवाकर जिले एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
मंदिर परिसर में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा करते हुए क्षेत्रवासियों की खुशहाली, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समाज में आपसी भाईचारे की भावना बनी रहने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ उन्होंने माता की महिमा का गुणगान किया और सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात हरमित सिंह होरा धमतरी शहर की आराध्य देवी माँ बिलाई माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है, जिससे समाज में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
होरा ने अपने संदेश में कहा कि माँ दुर्गा की कृपा से समस्त नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो। उनके इस धार्मिक दर्शन कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं एवं समर्थकों में विशेष उत्साह देखा गया।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उनका यह दौरा भक्ति और आस्था का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया।



