दीक्षित कॉलोनी रामबाग में पेट्रोल चोरों का आतंक, देर रात वारदात से दहशत

धमतरी। शहर के दीक्षित कॉलोनी रामबाग क्षेत्र में पेट्रोल चोरों की सक्रियता से लोगों में भय का माहौल बन गया है। बीती देर रात अज्ञात चोरों ने कॉलोनी में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते हुए उनके टैंक से पेट्रोल निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी मोटरसाइकिल चालू करने की कोशिश की, तब पेट्रोल चोरी की घटना का खुलासा हुआ। एक साथ कई वाहनों से पेट्रोल गायब मिलने से क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद लोग काफी आक्रोशित नजर आए और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कॉलोनी में रात के समय पर्याप्त रोशनी और पुलिस गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निवासियों ने पुलिस प्रशासन से नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।



