छत्तीसगढ़

भव्य माता की चुनरी यात्रा 23 मार्च को, पं. राजेश शर्मा को मिला विशेष आमंत्रण


धमतरी(प्रखर)चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर माँ बिलई माता सेवादार समिति द्वारा इस वर्ष भी पारंपरिक एवं भव्य माता की चुनरी यात्रा का आयोजन 23 मार्च, पंचमी के दिन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। समिति द्वारा यात्रा को भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
समिति के सदस्यों ने बताया कि माता की चुनरी यात्रा हर वर्ष पूरे श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी माध्यम बनती है।
इसी क्रम में माँ बिलई माता सेवादार समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने धर्मप्रेमी पंडित राजेश शर्मा से भेंट कर उन्हें विधिवत आमंत्रण पत्र सौंपा और चुनरी यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। पंडित शर्मा ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और संस्कारों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
समिति के अनुसार, चुनरी यात्रा में माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं आकर्षक झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को भक्ति का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा। यात्रा मार्ग को सजाने एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस अवसर पर विकास शर्मा, योगेश रायचुरा, दिनेश भोजवानी, गौरव सोलंके, रूद्र निकेतन, श्रेयांश साहू, आर्यन सोनकर, निशांत सिन्हा, तनवीर सिन्हा, सुशांत साहू, गिरिराज साहू, शुभम यदु, महेंद्र नेताम, शुभाष चंद्राकर, हर्ष वाधवानी, यश गांधी, अक्षत डागा, लोकेश साहू, पंकज यादव, आदर्श ठाकुर, चित्रांश श्रीवास्तव, मनीष फूटान, लक्ष्य रणसिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता की चुनरी यात्रा को सफल बनाएं और धर्म व संस्कृति के इस महोत्सव का हिस्सा बनें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button