छत्तीसगढ़

मां अंगार मोती दाई के दरबार में छप्पन भोग अर्पित, नवरात्र में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


धमतरी(प्रखर) चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आदिशक्ति अंगार मोती दाई मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पंचमी तिथि के दिन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में मां अंगार मोती दाई के श्रीचरणों में छप्पन भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मराई ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में मां के विभिन्न स्वरूपों की विशेष आराधना की जाती है, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा और आंतरिक शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए मां से प्रार्थना की। मराई ने कहा कि यह दरबार अत्यंत दिव्य और चमत्कारी है, जहां हर कण में मां की शक्ति का अनुभव होता है।
मुख्य पुजारी ईश्वर नेताम ने बताया कि दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं को लेकर मां के दरबार में पहुंचते हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना से भक्तों की सभी इच्छाएं पूर्ण होती हैं और वे प्रसन्न होकर लौटते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थल आस्था, विश्वास और चमत्कार का जीवंत केंद्र बन चुका है, जहां भक्तों को सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति प्राप्त होती है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि संतान सुख की कामना लेकर आने वाले कई परिवार भी मां की कृपा से लाभान्वित हुए हैं, जिससे इस मंदिर के प्रति लोगों की आस्था और अधिक प्रगाढ़ हुई है। आदिवासी समाज में मां अंगार मोती दाई को आराध्य देवी के रूप में विशेष मान्यता प्राप्त है।
नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रतिदिन विशेष पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण, सुरक्षा और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की गई है।
आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, पुजारियों और सेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने समर्पण और सेवा भाव से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराईं। मुख्य पुजारी ने श्रद्धालुओं से अनुशासन और श्रद्धा बनाए रखने की अपील की।
इस पुजन कार्यक्रम में तुकाराम मरकाम, केशव नेताम, उपाध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, संरक्षक डॉ. ए.आर., शिवचरण नेताम, सचिव ढालूराम ध्रुव, सह सचिव देवानंद नेताम, कोषाध्यक्ष ओंकार सिंह मरकाम, सदस्य हेमलाल ठाकुर, कोमल सिंह ठाकुर, नरोत्तम सिंह ठाकुर, मनराखन ठाकुर, उदय नेताम, गणेश्वर ध्रुव, जयपाल सिंह ठाकुर, ललित ठाकुर, भगतराम उईके, रामजी ध्रुव, शत्रुघ्न नेताम, बलिराम ध्रुव, राधेश्याम नेताम, गीता नेताम, बुंधन्तीन नेताम, अनिता ध्रुव, मानसिंह मरकाम, अर्जुन सिंह कोर्राम, शिव कुमार कुंजाम, बंसत राम नेताम, राजेंद्र पकोड़ी, नरेंद्र कुमार, हरिराम नेताम, रोशन लाल मरकाम, देवेंद्र नागवंशी, सोहन कुंजाम, खिलेश ध्रुव, समाजसेवी कृष्ण कुमार गुप्ता, बंटी मरकाम, युवराज मरकाम, कृष्ण कुमार मरकाम, हेमंत ध्रुव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में मुख्य पुजारी ने सभी प्रदेशवासियों को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मां अंगार मोती दाई से सभी के कल्याण की कामना की।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button