छत्तीसगढ़

गुढ़ियारी में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी, भारी पुलिस बल तैनात

गुढ़ियारी में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी, भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय जनता और राजनीतिक-सामाजिक संगठन सड़क पर उतर आए। कांग्रेस, भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के समर्थक बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही बुलडोजर कार्रवाई के लिए निगम और जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 40-50 सालों से उनकी दुकानें वहां हैं और मुआवजा भी दिया जा चुका है। प्रदर्शनकारी बता रहे हैं कि, “जो जगह हमें दी गई थी, उससे अधिक जगह को तोड़ा जा रहा है। हमारी केवल एक दुकान ही जीवन यापन का सहारा है। अगर उसे भी तोड़ दिया गया, तो हमारा जीवन यापन कैसे होगा।”

इस मामले में नायब तहसीलदार प्रवीण परमान ने मीडिया को बताया कि यह कार्रवाई पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जितनी दुकानें थीं, उनका मुआवजा पहले ही दिया जा चुका है और सभी के पास अनुमति पत्र मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आज बुलडोजर कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि प्रदर्शन और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच इलाके में रोड जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोग और राजनीतिक संगठन बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई नियमों और मुआवजा के अनुसार की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button